सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत प्रधान नगर थाना पुलिस ने जल जीवन मिशन पेयजल परियोजना के लिए रखे गए एचडीपीई पाइपों की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग ₹१६ लाख मूल्य के ३९७ चोरी हुए पाइप बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवीडांगा बाजार निवासी नाइट गार्ड पवित्र राय, पाकुरतला मोड़ (वार्ड नं. १२) निवासी संजय बनिक और रथखोला (वार्ड नं. २२) निवासी उज्ज्वल महंता के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सबसे पहले नाइट गार्ड पवित्र राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर अन्य दो आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने अलीपुरद्वार, मैनागुड़ी और बागडोगरा थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए पाइप बरामद किए।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की कार्रवाई और गहन जांच जारी है।









