१० साल बाद महिला को वापस मिली सुनने की शक्ति
जलपाईगुड़ी: जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के डॉक्टरों के सफल इलाज और सर्जरी के बाद एक महिला को करीब १० साल बाद दोबारा सुनने की क्षमता वापस मिल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक के बेरुबाड़ी गांव की रहने वाली वंदना विश्वास के कान में करीब १० साल पहले धान की बाली चली गई थी। इसके बाद धीरे-धीरे उनकी सुनने की क्षमता कम होती चली गई और अंततः वे पूरी तरह बहरी हो गईं। इस स्थिति के कारण पिछले एक दशक से उनके दैनिक जीवन और परिवार के साथ संवाद में काफी परेशानियां आ रही थीं।
जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज के ईएनटी (नाक, कान और गला) विभाग द्वारा किए गए सफल इलाज और ऑपरेशन के बाद वंदना की सुनने की शक्ति पूरी तरह बहाल हो गई।
एक दशक बाद अपने प्रियजनों की आवाज और आसपास की ध्वनियों को दोबारा सुनकर वंदना भावुक हो गईं। उनकी इस रिकवरी से परिवार में खुशी की लहर है। वंदना ने अपनी सुनने की क्षमता वापस लौटाने के लिए डॉक्टरों और पूरी मेडिकल टीम का तहे दिल से धन्यवाद व्यक्त किया है।









