सिलीगुड़ी: ६५वीं अंतर-स्कूल प्री-सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल टूर्नामेंट का गुरुवार से सिलीगुड़ी में शानदार आगाज हो गया है। २३ जुलाई से शुरू हुआ यह तीन दिवसीय आयोजन २५ जुलाई तक चलेगा।
प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन कंचनजंघा स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां पद्मश्री और पूर्व भारतीय फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए बाइचुंग भूटिया ने कहा, “इस तरह के टूर्नामेंट नए खिलाड़ियों के भविष्य को तराशने में अहम भूमिका निभाते हैं। मैं भी कभी इस प्रतियोगिता का हिस्सा रहा था, जिसने मुझे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने में काफी मदद की।”
मिली जानकारी के अनुसार, इस प्रतियोगिता में उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों की सर्वश्रेष्ठ स्कूली टीमें भाग ले रही हैं। कंचनजंघा स्टेडियम और तराई तारापद आदर्श विद्यालय के मैदान में प्रतिदिन तीन-तीन मैच खेले जाएंगे।









