गंगटोक: सिक्किम अमैच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन (साबा) के अध्यक्ष एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ मुक्केबाज जशलाल प्रधान को आगामी ‘राष्ट्रमंडल खेल (कॉमनवेल्थ गेम्स) २०२६’ के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
यह वैश्विक बहु-खेल प्रतियोगिता स्कॉटलैंड के ग्लासगो में २३ जुलाई से २ अगस्त २०२६ तक आयोजित की जाएगी। भारतीय बॉक्सिंग महासंघ (बीएफआई) द्वारा इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उनका नामांकन किया गया है।
सिक्किम अमैच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। एसोसिएशन के अनुसार, यह सम्मान न केवल भारतीय मुक्केबाजी बिरादरी के लिए बल्कि पूरे सिक्किम राज्य के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारतीय मुक्केबाजी के विकास में उनके दशकों लंबे निष्ठावान योगदान, अनुभव और निष्पक्षता के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साबा के पदाधिकारियों, कोचों और एथलीटों ने जशलाल प्रधान के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया है कि उनकी यह उपलब्धि युवाओं को प्रेरित करेगी और वैश्विक मंच पर भारतीय बॉक्सिंग की प्रतिष्ठा को नए आयाम देगी।










