सनराइजर्स हैदराबाद में दिलशान मदुशंका की एंट्री, ब्रायडन कार्स चोट के कारण बाहर

IMG-20260415-WA0073

नई दिल्ली: सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल २०२६ के बाकी मैचों के लिए श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को टीम में शामिल किया है। उन्हें चोटिल ब्रायडन कार्स के स्थान पर रिप्लेसमेंट के तौर पर जोड़ा गया है।
सीजन के पहले मैच से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ अभ्यास के दौरान कार्स के हाथ में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। इसके बाद आईपीएल प्रबंधन ने मदुशंका को आधिकारिक रूप से टीम में शामिल करने की अनुमति दे दी।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मदुशंका ने श्रीलंका के लिए 1 टेस्ट, २८ वनडे और १९ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए कुल ७० विकेट लिए हैं। आईपीएल द्वारा जारी बयान के अनुसार, उन्हें ७५ लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया है। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस का भी हिस्सा रह चुके हैं।
इस बीच टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस के १७ अप्रैल तक भारत लौटने की संभावना है। ऑस्ट्रेलिया में फिटनेस टेस्ट पूरा करने के बाद वह टीम से जुड़ेंगे। फिलहाल उनकी अनुपस्थिति में ईशान किशन टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने अब तक ५ मैचों में २ जीत दर्ज की है और टीम बेहतर प्रदर्शन की कोशिश में जुटी है।

About Author

Advertisement