लंदन: यूएफा चैंपियन्स लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में एट्लेटिको मैड्रिड और पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने क्वार्टर फाइनल के दोनों लेग पार कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं बार्सिलोना का अभियान समाप्त हो गया।
मंगलवार रात खेले गए क्वार्टर फाइनल के दूसरे लेग में एट्लेटिको मैड्रिड को बार्सिलोना के खिलाफ १-२ से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, पहले लेग में २-० की जीत के चलते एट्लेटिको ने कुल ३-२ के स्कोर से मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
अपने घरेलू मैदान रियाद मेट्रोपोलिटानो में खेले गए इस मुकाबले में बार्सिलोना ने शानदार शुरुआत करते हुए २५ मिनट के भीतर दो गोल कर कुल स्कोर २-२ से बराबर कर दिया। लामिन यामाल ने चौथे मिनट में पहला गोल किया, जबकि फेरान टोरेस ने २४वें मिनट में दूसरा गोल दागा।
इसके बाद एडेमोला लुकमान ने ३१वें मिनट में शानदार गोल कर एट्लेटिको को मुकाबले में बनाए रखा। कुल स्कोर में बढ़त हासिल करने के बाद एट्लेटिको ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाते हुए बार्सिलोना के हमलों को नाकाम किया।
मुकाबले के ७९वें मिनट में एरिक गार्सिया को रेड कार्ड मिलने से बार्सिलोना को बड़ा झटका लगा। दस खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए भी टीम ने प्रयास जारी रखा, लेकिन बराबरी का गोल नहीं कर सकी।
दूसरी ओर, गत चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन ने लिवरपूल को दूसरे लेग में २-० से हराया। पहले लेग में भी २-० की जीत के चलते पीएसजी ने कुल ४-० से मुकाबला अपने नाम कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
एनफील्ड में खेले गए इस मैच में लिवरपूल ने अधिक पजेशन के साथ खेलते हुए कई मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं कर सका। दूसरे हाफ के अंत में उस्मान डेम्बेले ने ७२वें मिनट और इंजरी टाइम में गोल कर पीएसजी की जीत सुनिश्चित की।
चैंपियन्स लीग सेमीफाइनल का पहला लेग २९ अप्रैल से शुरू होगा।









