केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर धीमी ओवर गति के कारण

IMG-20260415-WA0068

चेन्नई: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की स्थिति आईपीएल २०२६ में लगातार खराब होती जा रही है। टीम ने अब तक ५ मैच खेले हैं, लेकिन एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है। इसी बीच कप्तान अजिंक्य रहाणे की परेशानियां भी बढ़ती जा रही हैं। खराब प्रदर्शन के साथ-साथ अब उन पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जुर्माना भी लगाया है।
बीसीसीआई और आईपीएल संचालन परिषद ने रहाणे को आचार संहिता के उल्लंघन के लिए दंडित किया है। आईपीएल द्वारा जारी बयान के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में धीमी ओवर गति (स्लो ओवर रेट) के कारण उन पर जुर्माना लगाया गया है।
यह इस सीजन में टीम का आईपीएल आचार संहिता की धारा २.२२ के तहत पहला उल्लंघन था, इसलिए न्यूनतम सजा दी गई है। इसी कारण रहाणे पर १२ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यदि आगामी मैचों में भी टीम धीमी ओवर गति की गलती दोहराती है, तो जुर्माने की राशि और बढ़ सकती है।
गौरतलब है कि रहाणे की कप्तानी में केकेआर का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी है और अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ ३२ रन की हार के बाद टीम पर दबाव और बढ़ गया है।
प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए केकेआर को जल्द ही अपनी रणनीति और टीम संयोजन में बदलाव करना होगा।

About Author

Advertisement