लगातार ९४ मैचों में गोल कर रिवर प्लेट का दशकों पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
नई दिल्ली: पुर्तगाली दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो की कप्तानी वाली सऊदी क्लब अल नस्र ने विश्व फुटबॉल के इतिहास में एक ऐसा स्वर्णिम अध्याय लिख दिया है, जिसे तोड़ना किसी भी टीम के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। सऊदी प्रो लीग में अल खलीज के खिलाफ १-१ से ड्रॉ रहे मुकाबले में गोल करने के साथ ही अल नस्र ने लगातार ९४ मैचों में कम से कम एक गोल करने का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इससे पहले यह विश्व कीर्तिमान अर्जेंटीना के दिग्गज क्लब ‘रिवर प्लेट’ के नाम दर्ज था, जिसने १९३६ से १९३९ के दौरान लगातार ९३ मैचों में गोल दागे थे। अल नस्र की इस ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत दिसंबर २०२३ में अल हिलाल के खिलाफ मिली हार के बाद हुई थी। इसके बाद अल रियाद को ४-१ से हराने के बाद शुरू हुआ गोल का यह सिलसिला अल खलीज के खिलाफ अब्दुल्लाह अल हमदान के ७२वें मिनट में किए गए गोल के साथ ९४वें मैच तक पहुंच गया।
टीम के कप्तान ४१ वर्षीय रोनाल्डो ने अब तक सऊदी प्रो लीग के ११३ मैचों में १०५ गोल किए हैं। सीनियर करियर में १००० आधिकारिक गोल करने के ऐतिहासिक आंकड़े की ओर बढ़ रहे रोनाल्डो फिलहाल ९७९ गोल तक पहुंच चुके हैं। हालांकि, इस ड्रॉ के बाद अल नस्र अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गई है।





