विपक्ष में जाने के बाद आक्रामक हुईं ममता

1aaf5ad1-5412-48c9-8fd8-9ddb602f9bb0

बाेलीं: ‘सदन में चुप न बैठें, सरकार के हर आरोप का दें करारा जवाब’

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अध्यक्ष ममता बनर्जी ने अपने समर्थक विधायकों को पश्चिम बंगाल विधानसभा के भीतर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हर राजनीतिक हमले का तथ्यों और तर्कों के साथ मजबूती से जवाब देने का सख्त निर्देश दिया है।
​गुरुवार शाम कालीघाट स्थित अपने आवास पर हुई रणनीतिक बैठक में बनर्जी ने स्पष्ट संदेश दिया कि संख्या बल कम होने के बावजूद विपक्ष की भूमिका कमजोर नहीं पड़नी चाहिए और सदन में सरकार के प्रत्येक आरोप का प्रभावी ढंग से प्रतिवाद किया जाना चाहिए।
​बैठक का मुख्य एजेंडा पार्टी की आगामी संगठनात्मक रणनीति और विधानसभा के भीतर विपक्ष की भूमिका था, लेकिन चर्चा का बड़ा हिस्सा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा विधानसभा में हाल के दिनों में किए गए तीखे राजनीतिक हमलों पर केंद्रित रहा। बुधवार को सदन में मुख्यमंत्री द्वारा उन पर और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर की गई टिप्पणियों के दौरान तृणमूल विधायक अपेक्षित आक्रामकता के साथ विरोध दर्ज नहीं करा सके, जिस पर ममता बनर्जी ने खुलकर असंतोष जताया।
​बैठक में ममता बनर्जी ने विधायकों से कहा, “विपक्ष की जिम्मेदारी केवल विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि तथ्यों, दस्तावेजों और जनहित के मुद्दों के आधार पर सरकार को घेरना भी उतना ही आवश्यक है।” उन्होंने सभी विधायकों से सदन की कार्यवाही के लिए बेहतर तैयारी करने, सरकार के बयानों का तत्काल एवं प्रभावी जवाब देने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को अधिक मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
​आने वाले दिनों में विधानसभा के भीतर विपक्ष की रणनीति को और धारदार बनाने के लिए इस तरह की बैठकों का सिलसिला जारी रखा जाएगा। इस रणनीतिक बैठक में शोभनदेव चट्टोपाध्याय, अलीफा अहमद, कुणाल घोष, अब्दुल रहीम बक्सी, पुलक राय और मोशारफ हुसैन सहित कई वरिष्ठ नेता व विधायक उपस्थित रहे।

About Author

Advertisement