भारतीय सेना की ताकत बढ़ाएंगे आधुनिक ‘बीएमपी–२’ वाहन
नई दिल्ली: भारतीय सेना अपनी सैन्य क्षमता में इजाफा करने और आधुनिक तकनीक को अपनाने के क्रम में अपने बख्तरबंद लड़ाकू वाहनों ‘बीएमपी–२’ को अत्याधुनिक बनाने की विशेष परियोजना पर आगे बढ़ रही है। युद्ध के मैदान में जवानों की जान जोखिम में न पड़े, इसके लिए सेना कुछ बीएमपी–२ वाहनों को रिमोट से नियंत्रित होने वाले स्वायत्त (ऑटोनॉमस) लड़ाकू प्लेटफॉर्म में तब्दील कर रही है। इन बख्तरबंद वाहनों में रिमोट से फायरिंग करने और ड्रोन लॉन्च करने की सुविधा होगी, जिससे ये बिना किसी चालक दल (क्रू) के दुश्मन के इलाके में प्रवेश कर अत्यंत जोखिम भरे अभियानों को अंजाम दे सकेंगे।
भारतीय सेना बीएमपी–२ में आवश्यक तकनीकी बदलावों के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर काम कर रही है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य एक ऐसी तकनीक विकसित करना है, जिससे सुरक्षित डेटा लिंक के माध्यम से दूर बैठे ही इस वाहन को चलाया जा सके तथा इसमें लगे हथियारों, सेंसर और निगरानी उपकरणों को संचालित किया जा सके। इससे पहले सेना ने अपने पुराने ‘टी–७२’ मुख्य युद्धक टैंकों की उपयोगिता को वर्ष २०३० में उनकी सेवानिवृत्ति के बाद भी बनाए रखने के लिए उन्हें स्वायत्त लड़ाकू वाहनों में बदलने की ऐसी ही एक परियोजना शुरू की थी।
भारतीय सेना के बख्तरबंद बेड़े की शक्ति बढ़ाने में चेन पर चलने वाले (ट्रैकयुक्त) बीएमपी–२ की भूमिका बेहद अहम है। युद्ध के मैदान तक आठ पैदल सैनिकों को ले जाने की क्षमता रखने वाले इस वाहन के पुराने संस्करणों का उपयोग रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (सीबीआरएन) टोही वाहन, बख्तरबंद एम्बुलेंस तथा एंटी–टैंक मिसाइल लॉन्चर के रूप में होता रहा है। अब इसमें विकसित की जा रही नई क्षमताओं के बाद यह हमलों में सबसे आगे रहने, ड्रोन लॉन्च करने और रिमोट के जरिए कार्रवाई करने में सक्षम हो जाएगा।
लगभग चार दशकों से सेवा दे रहे बीएमपी–२ की जगह लेने के लिए भारतीय सेना, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और उद्योग जगत के साथ मिलकर नए बख्तरबंद वाहनों के प्रोटोटाइप भी तैयार कर चुकी है। मुख्य रूप से मैदानी और रेगिस्तानी इलाकों के लिए निर्मित इस वाहन को चीन से लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तैनात किया गया है। बदलते समय के साथ इसकी परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए इसमें ड्राइवर और गनर के लिए ‘नाइट साइट्स’, कमांडर के लिए ‘पैनोरमिक साइट’, स्वचालित लक्ष्य ट्रैकर के साथ ‘फायर कंट्रोल सिस्टम’ और ‘काउन्टर–ड्रोन’ उपकरण लगाकर इसका आधुनिकीकरण किया जा रहा है।





