इजरायल के पास करीब २०० परमाणु बम बनाने लायक प्लूटोनियम

IMG_362d37e2-3cc5-4ec1-a5dc-dd9dbd5ee5e7

जल, थल और नभ से हमला करने की क्षमता
​
तेल अवीव: अमेरिका के ‘फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स’ (एफएएस) के न्यूक्लियर इन्फॉर्मेशन प्रोजेक्ट से जुड़े वैज्ञानिकों ने इजरायल के परमाणु हथियारों को लेकर एक नई शोध रिपोर्ट प्रकाशित की है। ‘इजरायल न्यूक्लियर वेपन्स–२०२६’ नामक इस रिपोर्ट के अनुसार इजरायल के पास वर्तमान में करीब ९० परमाणु हथियार मौजूद हैं, जबकि उसने ८०० से १,००० किलोग्राम प्लूटोनियम भी जमा कर रखा है जिससे वह १०० से २०० तक नए परमाणु बम बना सकता है। हालांकि इजरायल अपने पास परमाणु हथियार होने की बात न तो स्वीकार करता है और न ही नकारता है, लेकिन रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वह अपनी परमाणु क्षमताओं को तेजी से आधुनिक बना रहा है।
​वर्ष २०२६ में ली गई सैटेलाइट तस्वीरों में नेगेव रेगिस्तान स्थित ‘शिमोन पेरेस नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर’ (डिमोना) में बड़े स्तर पर निर्माण कार्य होता दिखाई दिया है। वहां गहरी खुदाई, नई भूमिगत सुरंगें और गोलाकार ढांचे बनने से यह संकेत मिलता है कि इजरायल इस केंद्र को वर्ष २०४० तक चालू रखने या नया रिएक्टर तैयार करने की योजना पर काम कर रहा है। परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर हस्ताक्षर न करने के कारण इजरायल किसी अन्य देश से परमाणु रिएक्टर नहीं खरीद सकता है।
​रिपोर्ट में बताया गया है कि इजरायल के पास जल, थल और नभ तीनों माध्यमों से परमाणु हमला करने की ‘न्यूक्लियर ट्रायड’ क्षमता विकसित है। जमीन से हमले के लिए उसके पास करीब ५० ‘जेरिको’ बैलिस्टिक मिसाइलें होने का अनुमान है, जिनकी मारक क्षमता १,५०० किलोमीटर से बढ़ाकर अब ४,००० किलोमीटर तक कर दी गई है। इस रेंज के दायरे में ईरान, पाकिस्तान से लेकर मॉस्को तक के क्षेत्र आते हैं।
​इसी तरह, समुद्र से परमाणु हमला करने के लिए इजरायल हाइफा नौसैनिक अड्डे से ६ ‘डॉल्फिन–क्लास’ पनडुब्बियों का संचालन करता है। पुरानी पनडुब्बियों की जगह लेने के लिए इजरायल ने जर्मनी के साथ तीन अगली पीढ़ी की बड़ी ‘डकार–क्लास’ पनडुब्बियों का समझौता किया है, जो वर्ष २०३० के आसपास उसे मिलनी शुरू हो जाएंगी। हवाई हमले की क्षमता के तहत इजरायल के पास अमेरिकी ‘एफ–३५’ स्टील्थ लड़ाकू विमान मौजूद हैं, हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि उसने इन विमानों को परमाणु हथियार ले जाने के अनुरूप अपग्रेड किया है या नहीं।
​

About Author

Advertisement