नई दिल्ली: आईपीएल २०२७ की मिनी नीलामी के लिए खिलाड़ियों की सूची सामने आ गई है। गोवा में १६ दिसंबर को होने वाली नीलामी के लिए इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट के साथ कई विदेशी खिलाड़ियों ने अपना नाम पंजीकृत कराया है। वहीं, बांग्लादेश के ११ खिलाड़ियों ने भी नीलामी के लिए नाम दिए हैं, लेकिन तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान इस सूची में शामिल नहीं हैं।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान स्टोक्स आईपीएल नीलामी के मुख्य आकर्षण होंगे। उन्होंने अपना बेस प्राइस २ करोड़ रुपये रखा है। स्टोक्स ने आखिरी बार २०२३ में आईपीएल खेला था। उस समय उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की ओर से २ मैच खेले थे। स्टोक्स इससे पहले राजस्थान रॉयल्स और अब बंद हो चुकी राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब वह आईपीएल नीलामी में अपनी किस्मत आजमाने उतरेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के बैनक्रॉफ्ट ने भी आईपीएल नीलामी के लिए पंजीकरण कराया है। उनका बेस प्राइस ७५ लाख रुपये है। बैनक्रॉफ्ट २०१८ के बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर चर्चा में आए थे। हाल ही में उन्होंने इस मामले में अपनी भूमिका को लेकर सफाई दी थी और कप्तान पैट कमिंस के दावों पर भी प्रतिक्रिया दी थी। ३४ वर्षीय बैनक्रॉफ्ट ने अब तक आईपीएल में कोई मैच नहीं खेला है, लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (बीबीएल) में नियमित रूप से हिस्सा लेते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने भी नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज कराया है, हालांकि टूर्नामेंट के अधिकांश हिस्से में उनकी उपलब्धता को लेकर आशंका बनी हुई है।
आईपीएल नीलामी के लिए नाम पंजीकृत कराने वाले ११ बांग्लादेशी खिलाड़ियों में हसन महमूद, परवेज हुसैन इमोन, रिपोन मंडल, रिशाद हुसैन, सैफ हसन, शाक महेदी हसन, शमीम हुसैन, शोरिफुल इस्लाम, तंजिम हसन साकिब, तौहीद हृदोय और मोहम्मद रुबेल शामिल हैं।
अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का नाम भी इस सूची में नहीं है। पिछले साल बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इस घटनाक्रम के बाद बांग्लादेश ने भारत में मैच खेलने से इनकार करते हुए टी२० विश्व कप से हटने का फैसला किया था।
एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों में जापान के बेंजामिन इतो डेविस का नाम भी शामिल है। उन्होंने ३० लाख रुपये के बेस प्राइस पर पंजीकरण कराया है।
आईपीएल २०२७ की मिनी नीलामी के लिए कुल १२२० खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें ९३९ भारतीय और २८१ विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इस बीच, १० टीमों के पास अधिकतम ६६ खिलाड़ियों को खरीदने के लिए जगह खाली है। इनमें विदेशी खिलाड़ियों के लिए २५ स्लॉट निर्धारित हैं।
पंजीकरण कराने वाले खिलाड़ियों में १८४ कैप्ड (अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके), ९९४ अनकैप्ड और ४२ एसोसिएट देशों के खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी से पहले इस सूची में बड़ी कटौती होने की संभावना है।
आईपीएल नीलामी से पहले १० फ्रेंचाइजी ने कुल १८४ खिलाड़ियों को अपनी टीम में बरकरार (रिटेन) रखा है। वहीं, नीलामी में शामिल कैप्ड भारतीय खिलाड़ियों की सूची में १४ नाम हैं। इनमें आकाश दीप, आवेश खान, दीपक चाहर, दीपक हुड्डा, जयदेव उनादकट, करुण नायर, कुलदीप सेन, मयंक अग्रवाल, उमेश यादव, उमरान मलिक, सारांश जैन, शिवम मावी, तुषार देशपांडे और राहुल त्रिपाठी शामिल हैं।





