उत्तर भारत में घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका
नई दिल्ली: नवंबर के आखिरी सप्ताह में भारत के मौसम में दोहरा असर देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार गुरुवार (२६ नवंबर) को दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, उत्तर भारत के दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा छाने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है।
पूर्वी हवाओं के असर से गुरुवार को दक्षिण भारतीय राज्यों में बारिश और गरज-चमक के साथ मौसमी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। मौसम विभाग ने केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ ४० से ६० किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
उत्तर भारत के राज्यों में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय छाने वाला घना कोहरा यातायात व्यवस्था में परेशानी पैदा कर सकता है। राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाने और दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। घने कोहरे के चलते पंजाब में सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और उत्तराखंड में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से इन राज्यों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ जाएगा।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को नई दिल्ली में अधिकतम तापमान २५ और न्यूनतम ९ डिग्री सेल्सियस, मुंबई में अधिकतम ३२ और न्यूनतम १९, चेन्नई में अधिकतम ३३ और न्यूनतम २४ तथा कोलकाता में अधिकतम २८ और न्यूनतम १८ डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसी तरह लखनऊ में अधिकतम २७ और न्यूनतम १२, पटना में अधिकतम २७ और न्यूनतम १९, जयपुर में अधिकतम २९ और न्यूनतम १४, शिमला में अधिकतम २१ और न्यूनतम ८ तथा नैनीताल में अधिकतम २२ और न्यूनतम ८ डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना जताई गई है।





