वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि ३ नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले अमेरिका ईरान पर दोबारा हमला नहीं करेगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए सार्थक बातचीत चल रही है।
फरवरी में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले शुरू किए जाने के बाद से अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिससे ट्रंप की घरेलू लोकप्रियता में भारी गिरावट आई है। हालिया सर्वेक्षणों के अनुसार लगभग ६० प्रतिशत अमेरिकी नागरिक ईरान संकट पर ट्रंप के रवैये से असहमत हैं। आगामी मध्यावधि चुनाव में मतदाताओं की बढ़ती नाराजगी को देखते हुए ट्रंप ने फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकने के संकेत दिए हैं। युद्ध खत्म करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के उद्देश्य से दोनों देशों के बीच लगातार प्रस्तावों का आदान-प्रदान हो रहा है।





