काेलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रथम चरण के मतदान से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हुंकार भरते हुए विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया है। मंगलवार को बैरकपुर के टीटागढ़ और जगदल में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के ऐतिहासिक नारे ‘दिल्ली चलो’ को दोहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा भले ही बंगाल को निशाना बना रही हो, लेकिन तृणमूल कांग्रेस का अब अगला लक्ष्य दिल्ली की सत्ता है।
प्रमुख घोषणाएँ: ‘दुआरे स्वास्थ्य’ और डीए का आश्वासन
मुख्यमंत्री ने इसी मंच से ‘दुआरे स्वास्थ्य’ (दरवाजे पर स्वास्थ्य सेवा) नामक नई योजना की घोषणा की। साथ ही, सरकारी कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित डीए (महंगाई भत्ता) के मुद्दे पर बड़ा आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रमिकों और ‘गद्दारों’ पर प्रहार
जूट मिल क्षेत्र टीटागढ़ में बोलते हुए ममता ने उन नेताओं पर निशाना साधा जिन्होंने मिल मालिकों से साठगांठ कर मिलें बंद करवाईं। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में तृणमूल की सभाओं में बाधा डाली जा रही है।
पीएम मोदी और शुभेंदु पर तंज
प्रधानमंत्री मोदी के झारग्राम दौरे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कैमरे के सामने झालमुड़ी खाना केवल चुनावी ढोंग है। उन्होंने नंदीग्राम का जिक्र करते हुए शुभेंदु अधिकारी पर वोट लूटने की साजिश का आरोप लगाया और जनता से अपील की कि वे कल्याणी एक्सप्रेसवे जैसे विकास कार्यों को देखकर वोट दें।










