बंगाल चुनाव: हिंसा पर लगाम लगाने के लिए राज्यपाल ने शुरू की २४x७ हेल्पलाइन, शिकायतों पर होगी तत्काल कार्रवाई​

high

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल प्रदान करने के लिए राज्यपाल आरएन रवि ने एक बड़ा कदम उठाया है। लोकभवन ने चुनाव पूर्व और चुनाव के बाद होने वाली संभावित हिंसा, डराने-धमकाने या किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 24×7 हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इसके साथ ही नागरिक अब ई-मेल के माध्यम से भी अपनी लिखित शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। यह पहल न केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है बल्कि बंगाल के पिछले चुनावी इतिहास को देखते हुए इसे एक सुरक्षा कवच के रूप में देखा जा रहा है ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में आम आदमी का भरोसा बहाल किया जा सके।​लोकभवन के अनुसार जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मिले फीडबैक में चुनाव के दौरान सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई गई थी। पूर्व में मतदाताओं को बूथ तक जाने से रोकने और विरोध करने पर शारीरिक हमले जैसी घटनाओं ने लोकतांत्रिक गरिमा पर सवाल खड़े किए थे। राज्यपाल का यह निर्णय इन्हीं आशंकाओं को खत्म करने के लिए लिया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल आरएन रवि द्वारा उठाया गया यह कदम बंगाल की उस परंपरा का हिस्सा है जिसकी शुरुआत पूर्व राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने पंचायत चुनावों के दौरान ‘पीस रूम’ बनाकर की थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हेल्पलाइन पर मिलने वाली हर शिकायत को अत्यंत गोपनीयता के साथ संभाला जाएगा और जरूरत पड़ने पर पुलिस बल के साथ समन्वय कर तत्काल जमीनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि हिंसा फैलाने वाले तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके।

About Author

Advertisement