मुम्बई: रणवीर सिंह स्टारर स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर २’ बॉक्स ऑफिस पर सुनामी की तरह आगे बढ़ रही है जिसे रिलीज हुए एक महीना बीत चुका है लेकिन इसकी कमाई की रफ्तार अब भी थमने का नाम नहीं ले रही है। फिल्म ने अपने ३४वें दिन १.७६ करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया है जो कि पांचवें हफ्ते में चल रही किसी भी फिल्म के लिए ऐतिहासिक है। १०२ करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग करने वाली इस फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों तक लगातार १०० करोड़ का आंकड़ा पार कर अपनी धाक जमाई थी। अब तक फिल्म की इंडिया नेट कमाई १११९.०५ करोड़ रुपये हो गई है जबकि इंडिया ग्रॉस कलेक्शन १३३९.५४ करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर २’ का जलवा बरकरार है और इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन १७५८.९६ करोड़ रुपये हो चुका है जिसमें अकेले विदेशी बाजारों से ४२.५० करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह जासूसी एक्शन-थ्रिलर फिल्म साल २०२५ की ‘धुरंधर’ की सीक्वल है जिसमें रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे धुरंधर कलाकारों ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म की इस जबरदस्त सफलता ने साबित कर दिया है कि दर्शकों को स्पाई थ्रिलर फिल्में और आदित्य धर का विजन बेहद पसंद आ रहा है।











