मुम्बई: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर २’ बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लेकर आई है जिसने अब तक विश्व स्तर पर १७०० करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर लिया है। फिल्म की इस कामयाबी के बीच सिंगर जैस्मिन सैंडलस की आवाज का जादू हर किसी के सिर चढ़कर बोल रहा है। ‘शरारत’ और ‘जाइए सजना’ जैसे सुपरहिट गानों के जरिए जैस्मिन ने चार्टबस्टर पर कब्जा जमा लिया है और उनके गानों पर सोशल मीडिया पर लाखों की संख्या में रील्स बन रहे हैं। धुरंधर फ्रेंचाइजी के दोनों हिस्सों ने कुल मिलाकर ३००० करोड़ रुपये से अधिक का बिजनेस किया है जिससे जैस्मिन रातों-रात शोहरत की बुलंदियों पर पहुंच गई हैं लेकिन उनकी असली जिंदगी उनके गानों की तरह मधुर नहीं रही है।
हाल ही में जैस्मिन ने अपने अतीत के दर्दनाक पन्नों को खोलते हुए बताया कि बचपन में उनके माता-पिता के सख्त व्यवहार और आपसी कलह ने उनका बचपन तबाह कर दिया था। करियर की ऊंचाई पर होने के बावजूद वह अंदर से इतनी खाली थीं कि उन्होंने खुद को पूरी तरह शराब और नशे के दलदल में झोंक दिया था। पिता के साथ न होने और बिखरे हुए परिवार के गम ने उन्हें इस कदर तोड़ा कि वह सालों तक गुमनामी और नशे में डूबी रहीं। जालंधर में जन्मी और अमेरिका में पली-बढ़ी जैस्मिन ने सलमान खान की फिल्म ‘किक’ के गाने ‘यार ना मिले’ से पहचान बनाई थी और अब अपनी निजी जिंदगी की मुश्किलों को मात देकर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह संगीत की दुनिया की असली धुरंधर हैं।










