प्रधानमंत्री मोदी का सिक्किम दौरा: मुख्यमंत्री ने राज्यपाल माथुर से की शिष्टाचार भेंट

FB_IMG_1777206364739

गंगटोक: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेमसिंह तामांग ने आज लोक भवन में राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर से शिष्टाचार भेंट की और आगामी २७-२८ अप्रैल को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की तैयारियों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री का यह दौरा सिक्किम के ५०वें स्थापना दिवस के स्वर्ण जयंती समापन समारोह के अवसर पर हो रहा है। लोक भवन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए की गई प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों से अवगत कराया।
​भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक भवन और पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रमों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और राज्यपाल को बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर राज्य की जनता में भारी उत्साह है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस ऐतिहासिक और गौरवशाली कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है।

वहीं, राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर ने चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा सिक्किम की विकास गाथा और यहाँ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने का एक बड़ा माध्यम बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वर्ण जयंती समारोह का यह समापन आयोजन राज्य के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा।

About Author

Advertisement