नई दिल्ली: देश के विस्तृत क्षेत्र में भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है। उत्तरी इलाकों के साथ-साथ अन्य हिस्सों में भी असहनीय गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग की ओर से लू का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, उत्तर भारत के अलावा उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में भीषण लू का दौर जारी रहेगा। इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्य शामिल हैं। मध्य भारत के कई क्षेत्रों में भी यह चेतावनी लागू रहेगी।यह स्थिति अगले दो दिनों यानी २७ अप्रैल तक बनी रह सकती है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान ४५.२ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।हालांकि गर्मी के बीच कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना भी जताई गई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश, आंधी और तूफान की संभावना है। यह चेतावनी ३० अप्रैल तक प्रभावी रहेगी।उत्तर-पूर्वी पर्वतीय क्षेत्रों और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी आंधी-बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है। २७ से ३० अप्रैल के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है।घंटे में ५० से ७० किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार और ओडिशा में भी आंधी-तूफान की संभावना है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार, २८ अप्रैल तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में लू का असर जारी रहेगा। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में तापमान सामान्य से ३ से ५ डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। कहीं-कहीं यह ५.१ डिग्री सेल्सियस से भी अधिक रहा है।इस स्थिति में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से दोपहर १२ बजे से ४ बजे तक धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और टोपी या छाते के उपयोग की सलाह दी गई है। साथ ही वाहन में बच्चों या पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ने की चेतावनी भी दी गई है।गुजरात में २६ अप्रैल तक तापमान और बढ़ सकता है। हालांकि २७ अप्रैल से १ मई के बीच वहां तापमान में २ से ४ डिग्री की गिरावट की संभावना है।रात के समय भी राहत नहीं है। पंजाब, दिल्ली और हरियाणा में २६ और २७ अप्रैल को असामान्य रूप से गर्म रातें रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी २७ और २८ अप्रैल तक यही स्थिति रह सकती है।हालांकि पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत में बारिश की संभावना से कुछ राहत मिल सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी २७ से ३० अप्रैल के बीच बारिश हो सकती है।राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में आंशिक बादल रहेंगे, लेकिन लू का असर जारी रहेगा। यहां अधिकतम तापमान ४१ से ४३ डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान २५ से २७ डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।कुल मिलाकर, २८ अप्रैल के बाद धीरे-धीरे लू का प्रभाव कम होने की संभावना है। हालांकि तब तक सतर्कता बरतना और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।











