नगाउँ: असम के नगाउँ जिले में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पुलिस पिकेट के भीतर ही एक समूह ने तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। सुरक्षा घेरे के बीच हुई इस घटना ने पुलिस की मुस्तैदी और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायलों की पहचान दीपज्योति सैकिया, दीपांकर सैकिया और पवित्र सैकिया के रूप में हुई है।मिली जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध हमलावरों के एक गुट ने लोहे के पाइप से तीनों पीड़ितों पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हमला शिवस्थान पुलिस चौकी परिसर के भीतर अंजाम दिया गया, जो इलाके का एक सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—अबू बक्कर हुसैन, इकरामुल हुसैन और मुक्सिदुल हक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फिलहाल हमले के पीछे के असल कारणों का पता लगाने में जुटी है और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है।










