पेगुला और पाओलिनी जीतीं, क्रेजसिकोवा की हार

4f671b95-da57-4bee-b5e6-381ae2bc1964

​न्यूयोर्क: साल के चौथे तथा अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन के पहले दिन ही महिला एकल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। दो बार की ग्रैंड स्लैम विजेता तथा २७वीं वरीयता प्राप्त चेक गणराज्य की बारबोरा क्रेजसिकोवा को उज्बेकिस्तान की कामिला रखीमोवा के खिलाफ सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा। इस बीच तीसरी वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला और १९वीं वरीयता प्राप्त जेस्मिन पाओलिनी अपने-अपने मैच जीतने में सफल रहीं। आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए मैच में रखीमोवा ने क्रेजसिकोवा को ७-६ (४), ६-२ से पराजित किया। क्रेजसिकोवा ने पहले सेट में ६ मैच प्वाइंट बचाए, फिर भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले किसी भी मेजर टूर्नामेंट में तीसरे दौर से आगे न बढ़ पाने वाली रखीमोवा ने धैर्य के साथ खेलते हुए मैच जीत लिया। वहीं दिन के शुरुआती मैच में तीसरी वरीयता प्राप्त पेगुला ने रोमानिया की एलेना-गेब्रिएला रुज को आसानी से ६-३, ६-२ से पराजित किया। सिनसिनाटी ओपन के फाइनल में कोको गौफ से हारकर यहाँ पहुँचने वाली पेगुला ने ८३ मिनट में मैच जीता। उन्होंने मैच में पहली सर्विस पर ९२ प्रतिशत अंक हासिल किए।
​मैच के बाद पेगुला ने कहा, “मैं थोड़ी नर्वस थी। अंत में मैच जीतकर खुश हूँ। किसी भी टूर्नामेंट में पहले दौर का मैच खेलते समय हमेशा चिंता बनी रहती है।” दूसरे दौर में पेगुला का मुकाबला अपने ही देश की सोफिया केनिन से होगा, जिन्होंने अमेरिका की ही दिग्गज खिलाड़ी वीनस विलियम्स को ६-२, ७-६ (६) से हराया। इस बीच १९वीं वरीयता प्राप्त जेस्मिन पाओलिनी को स्लोवेनिया की वेरोनिका एर्जावेक के खिलाफ कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ा। तीन सेट तक चले मैच में पाओलिनी ने ६-३, ३-६, ६-४ से जीत दर्ज की। वह विंबलडन २०२४ और फ्रेंच ओपन की उपविजेता रह चुकी हैं। पुरुष एकल में २०१४ के चैंपियन मारिन सिलिच और २०२२ के उपविजेता कास्पर रुड ने चोट के कारण टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है।

About Author

Advertisement