सिडनी: आगामी सीजन से बिग बैश लीग (बीबीएल) में स्लो ओवर रेट पर नियंत्रण के लिए नया नियम लागू किया जाएगा। पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताओं में निर्धारित समय के भीतर २० ओवर पूरे नहीं होने पर बचे हुए ओवरों में पावरप्ले की तरह बाउंड्री के बाहर अधिकतम दो फील्डर ही तैनात किए जा सकेंगे।
फिलहाल पुरुष बीबीएल में २० ओवर पूरे करने के लिए ८४ मिनट और महिला बीबीएल में ७८ मिनट ४५ सेकंड का समय निर्धारित है। नए नियम के अनुसार निर्धारित समय समाप्त होने के बाद बचे हुए ओवरों में अधिकांश फील्डरों को ३० गज के घेरे के अंदर रखना होगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी स्लो ओवर रेट के लिए अतिरिक्त फील्डर को सर्कल के अंदर लाने का प्रावधान है। हालांकि, बीबीएल का नया नियम गेंदबाजी करने वाली टीम पर और दबाव बढ़ाएगा। इससे धीमी गेंदबाजी का सीधा फायदा बल्लेबाजी टीम को मिलेगा और गेंदबाजों को मैच की गति बनाए रखने के लिए अधिक सतर्क रहना होगा।





