कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुई भारी वोटिंग और कुछ इलाकों में तनाव को देखते हुए चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के लिए सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया है। राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने बड़े पैमाने पर केंद्रीय बलों की तैनाती का फैसला लिया है।
दूसरे चरण के मतदान के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की कुल २३२१ कंपनियां तैनात की गई हैं। आयोग ने जिला और पुलिस कमिश्नरेट स्तर पर सुरक्षा बलों की संख्या तय कर दी है, जिससे संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रखी जा सके। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सबसे अधिक बल पूर्व बर्दवान (२६० कंपनी) और कोलकाता (२७३ कंपनी) में तैनात किया गया है। इसके अलावा हुगली ग्रामीण में २३४, बैरकपुर में १६० और कृष्णानगर में १५८ कंपनियां सुरक्षा की कमान संभालेंगी।
चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शी निगरानी के लिए आयोग ने १४२ जनरल ऑब्जर्वर, ९५ पुलिस ऑब्जर्वर और १०० व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। आयोग का मुख्य फोकस उन क्षेत्रों पर है जिन्हें अति-संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए अतिरिक्त बल मुस्तैद रहेगा ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।










