काेलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक पारा अपने चरम पर पहुंच गया है और प्रमुख दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हुगली और कोलकाता की रैलियों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वे बंगाल में भाजपा के लिए रास्ता तैयार कर रही हैं। गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और तृणमूल कांग्रेस के बीच गुप्त समझौता है, जिसके कारण उन पर तो ३६ केस दर्ज हुए और घर छीन लिया गया, लेकिन ममता बनर्जी के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जो तानाशाही मोदी देश में दिखा रहे हैं, वही ममता बंगाल में दिखा रही हैं और दोनों ही लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।
दूसरी तरफ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा बंगाल में ‘डबल सेंचुरी’ यानी २०० से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी और पहले चरण के रुझानों से ही ११० सीटों पर जीत तय हो चुकी है। सरमा ने घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनसांख्यिकीय असंतुलन के कारण आने वाले समय में हिंदू अल्पसंख्यक हो सकते हैं। इसी गहमागहमी के बीच, चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाही बरतने वाले डायमंड हार्बर के एएसपी और एसडीपीओ समेत पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हावड़ा में शक्ति प्रदर्शन करते हुए कहा कि 4 मई को भाजपा की सरकार बनते ही राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। वहीं, ममता बनर्जी ने अमित शाह के बयानों को हिंसक करार देते हुए उनके खिलाफ कानूनी मामला दर्ज करने की बात कही है।










