कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार राज्य के बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए ‘युवा शक्ति’ योजना शुरू करने की पुरजोर तैयारी में है। नवनिर्वाचित भाजपा सरकार के वर्ष २०२६ के चुनावी घोषणापत्र में शामिल इस वादे के तहत योग्य युवाओं को हर महीने ३,००० रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। सरकार ने इसके लिए ‘युवा शक्ति भरोसा कार्ड’ का ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार कर लिया है, हालांकि आवेदन की विस्तृत प्रक्रिया और आधिकारिक दिशा-निर्देश अभी जारी होने बाकी हैं।
युवासाथी योजना से दोगुनी सहायता
प्रस्तावित योजना के तहत मिलने वाली ३,००० रुपये की मासिक सहायता पूर्ववर्ती सरकार की ‘युवासाथी योजना’ के तहत मिलने वाले १,५०० रुपये के मासिक भत्ते से ठीक दोगुनी होगी। भाजपा ने चुनाव के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए १५,००० रुपये की एकमुश्त सहायता राशि देने का भी वादा किया था, लेकिन इस विषय पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
कौन कर सकेगा आवेदन?
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक का माध्यमिक (१०वीं) या उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदक पश्चिम बंगाल का स्थायी निवासी होना चाहिए, उसकी आयु २१ से ४० वर्ष के बीच होनी चाहिए और आवेदन के समय वह बेरोजगार होना चाहिए।
सीधे बैंक खाते में आएगी राशि
ऑनलाइन आवेदन जमा होने के बाद सभी संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) किया जाएगा। इसके बाद पात्र पाए गए लाभार्थियों के बैंक खातों में हर महीने ३,००० रुपये की राशि सीधे ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ (डीबीटी) के माध्यम से ट्रांसफर कर दी जाएगी।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
आवेदन करने के लिए लाभार्थियों को आधार कार्ड, वोटर आईडी, जन्म प्रमाणपत्र, माध्यमिक का एडमिट कार्ड (आयु प्रमाण पत्र के तौर पर), शैक्षणिक योग्यता के प्रमाणपत्र, बैंक खाते का पूरा विवरण तथा सरकार द्वारा निर्धारित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।










