मेस्सी की हैट्रिक से वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना की शानदार शुरुआत

IMG-20260617-WA0053

​नई दिल्ली: मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने कप्तान लियोनेल मेस्सी की रिकॉर्ड हैट्रिक की मदद से फीफा वर्ल्ड कप २०२६ में यादगार शुरुआत की। अमेरिका के कान्सास सिटी स्टेडियम में बुधवार सुबह खेले गए ग्रुप जे के मैच में अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को ३–० से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। रिकॉर्ड छठी बार वर्ल्ड कप खेलने उतरे मेस्सी ने वर्ल्ड कप में अपनी पहली हैट्रिक दर्ज की। इसके साथ ही उन्होंने वर्ल्ड कप में सर्वाधिक १६ गोल करने के जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज़ के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। उन्होंने मैच के १७वें, ६०वें और ७६वें मिनट में गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की। मैच की शुरुआत में भी मेस्सी ने एक गोल किया था, जिसे ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिया गया। इसी तरह ऑफसाइड की वजह से ही अल्जीरिया के खिलाड़ी द्वारा मैच की शुरुआत में किए गए गोल को भी रद्द कर दिया गया था। मैच में शुरुआत से ही अर्जेंटीना का दबदबा रहा और मेस्सी ने पहले हाफ में टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में दो और गोल जोड़कर उन्होंने मैच को एकतरफा बना दिया। अल्जीरिया के खिलाफ यह मैच मेस्सी के अंतरराष्ट्रीय करियर का २००वां मैच भी था। इस अवसर को उन्होंने हैट्रिक के साथ यादगार बना दिया।
​इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने ३ अंक हासिल कर ग्रुप जे में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक के साथ ही मेस्सी ने वर्ल्ड कप में सर्वाधिक गोल करने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। वर्ल्ड कप में १६ गोल करके मेस्सी ने जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज़ के रिकॉर्ड की बराबरी की है। मेस्सी ने वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। इससे पहले पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने ३३ वर्ष १३० दिन की उम्र में हैट्रिक लगाई थी। मेस्सी ने ३८ वर्ष ३५७ दिन की उम्र में अल्जीरिया के खिलाफ वर्ल्ड कप में हैट्रिक पूरी की। २००६ के वर्ल्ड कप में पदार्पण करने वाले मेस्सी ने अल्जीरिया के खिलाफ मैच के बाद छह वर्ल्ड कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने साल २०१० के वर्ल्ड कप को छोड़कर, पांच वर्ल्ड कप में गोल किए हैं। चार साल पहले कतर में मेस्सी ने अपनी ही कप्तानी में अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप का खिताब भी दिलाया था। इसके साथ ही वर्ल्ड कप में सर्वाधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है। अल्जीरिया के खिलाफ यह मैच वर्ल्ड कप में मेस्सी का २७वां मैच था।

About Author

Advertisement