नेत्र विक्रम बिमली
नेपाल के उत्तरी सीमावर्ती रसुवा और भोटेकोशी क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण अब तक ७२ लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बरामद किए गए शवों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग लापता हैं, वहीं स्थिति अनियंत्रित होने पर नेपाल सरकार ने प्रभावित ६ जिलों को ‘आपदा संकटग्रस्त क्षेत्र’ घोषित कर दिया है।
नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के ७९ सुरक्षाकर्मी, लांगटांग खोला जलविद्युत परियोजना के ६० और नेपाल विद्युत प्राधिकरण के ३५ कर्मचारी लापता हैं। इसी तरह २९१ विदेशी और ९३ नेपाली नागरिकों सहित कुल ३८४ पर्यटकों तथा यात्रियों से संपर्क नहीं हो सका है। उनकी खोजबीन और आंकड़ों के सत्यापन का कार्य जारी है।
बाढ़ ने नेपाल के ऊर्जा, परिवहन और दूरसंचार क्षेत्र को तहस-नहस कर दिया है। ११ जलविद्युत परियोजनाओं के क्षतिग्रस्त होने से ४३१ मेगावाट बिजली उत्पादन प्रणाली से बाहर हो गया है। धाडिंगबेशी को जोड़ने वाले पुल सहित २० से अधिक मोटरेबल और झूलते पुल बाढ़ में बह गए हैं, जबकि १९ पुल और ४० किलोमीटर सड़क ध्वस्त होने से यातायात पूरी तरह ठप है।
चीन से जुड़ने वाली नेपाल टेलीकॉम की फाइबर लाइन और २५ से अधिक दूरसंचार टावर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। आधा दर्जन से अधिक बैंकों के कार्यालय बाढ़ में बह गए हैं। नुवाकोट स्थित केंद्रीय कारागार के भवन और दीवार को नुकसान पहुँचा है, लेकिन वहाँ मौजूद सभी ८०० कैदी सुरक्षित बताए गए हैं।
चीन की ओर लेंदे खोला (नदी) के रुकने से बनी झील अभी पूरी तरह से नहीं खुली है, जिससे भोटेकोशी और त्रिशूली के तटीय क्षेत्रों में और अधिक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। रसुवा, धाडिंग और नुवाकोट में ६ बाढ़ पूर्व चेतावनी प्रणालियाँ नष्ट हो गई हैं।
त्रिशूली और भोटेकोशी नदियाँ भारत की ओर बहकर गंडक (नारायणी) नदी में मिलती हैं, इसलिए भारत के बिहार राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका को देखते हुए अग्रिम सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है।
नेपाल के प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित आपदा प्रबंधन परिषद की बैठक में खोज और राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्णय लिया गया है। विदेश मंत्री द्वारा संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, बचाव कार्य के लिए बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने की विशेष व्यवस्था की गई है और पूरे सरकारी तंत्र को बचाव कार्य में लगा दिया गया है।










