कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि राज्य की नई भारतीय जनता पार्टी सरकार विधानसभा की कार्यवाही में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी। नई सरकार के गठन के बाद विधानसभा की कार्यवाही के पहले दिन भवानीपुर क्षेत्र से विधायक पद की शपथ लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सरकार “जनता के लिए, जनता द्वारा और जनता की” इस मूल सिद्धांत के आधार पर संचालित होगी तथा विधानसभा के प्रत्येक कार्य में इसका प्रतिबिंब दिखाई देगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान विधानसभा की कार्यप्रणाली में पूरी पारदर्शिता बनाए रखी जाएगी।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों क्षेत्रों से विजयी हुए थे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि एक साथ दो क्षेत्रों से विधायक बने रहना संभव नहीं है, इसलिए भवानीपुर क्षेत्र से विधायक पद की शपथ लेने के बाद वह नंदीग्राम सीट छोड़ रहे हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम के लोगों के साथ उनका संबंध और संपर्क पहले की तरह बना रहेगा। उन्होंने कहा कि जब वह वहां के विधायक नहीं थे, तब भी लोगों के साथ लगातार जुड़े रहे और भविष्य में भी नंदीग्राम के लोगों से किए गए सभी चुनावी वादों को पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के कई विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद स्वयं को “स्वतंत्र” महसूस करने की बात उनसे कही है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम उजागर नहीं किया।
ईरान युद्ध से उत्पन्न वैश्विक ईंधन संकट के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने के निर्णय की सराहना करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सादगी और जनहित का संदेश दिया है तथा राज्य सरकार भी उसी दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा सलाहकार से चर्चा के बाद उनके काफिले में भी आवश्यकतानुसार ही वाहन रखे जाएंगे।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के निर्देश पर भारतीय जनता पार्टी विजय जुलूस नहीं निकालेगी, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि लोगों को परेशानी हो या रंग लगाए जाने से कोई असहज महसूस करे।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि बुधवार को कुल १४३ विधायक शपथ ग्रहण कर रहे हैं, जबकि शेष विधायक गुरुवार को शपथ लेंगे।
इधर, मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार विधानसभा पहुंचने पर शुभेंदु अधिकारी को औपचारिक सम्मान दिया गया। विधानसभा में प्रवेश करने से पहले उन्होंने प्रवेश द्वार के सामने सिर झुकाकर प्रणाम किया तथा बाद में मुख्यमंत्री कक्ष में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना भी की।










