सिक्किम खेल नीति २०२६ का प्रारूप होगा तैयार
गंगटोक: सिक्किम सरकार के खेल एवं युवा मामले विभाग द्वारा गंगटोक जिले के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (पीईटी), प्रशिक्षकों और अधिकारियों के साथ एक निदेशक स्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। गंगटोक के रेंशीथांग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता खेल एवं युवा मामले विभाग के निदेशक डॉ. आर. बी. विश्वकर्मा ने की।
बैठक में निदेशक डॉ. विश्वकर्मा ने ‘खेलो भारत नीति २०२५’ पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसका उद्देश्य आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे, जनशक्ति विकास और फिट इंडिया आंदोलन के माध्यम से ‘विकसित भारत’ का निर्माण करना है। उन्होंने सिक्किम में एक जीवंत खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए सभी खेल अधिकारियों और शिक्षकों से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
बैठक में स्कूलों में सप्ताह में एक बार प्रशिक्षकों के दौरे, मुख्यमंत्री ‘वन माइल रन’ पहल, और वर्ष २०२७ में सिक्किम में आयोजित होने वाले ३९वें राष्ट्रीय खेलों के मद्देनजर स्कूलों में ताइक्वांडो को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। इसके अलावा एथलीटों और कोचों का केंद्रीय डेटाबेस बनाए रखने के लिए नेशनल स्पोर्ट्स रिपोजिटरी सिस्टम (एनएसआरएस) के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य सचिवों के सम्मेलन के निर्देशों के अनुसार, ५ से १८ वर्ष के छात्रों के लिए स्कूलों में साप्ताहिक फिटनेस सत्र आयोजित करने और वार्षिक रिपोर्ट कार्ड में फिटनेस स्कोर शामिल करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में शामिल सभी हितधारकों से ‘सिक्किम राज्य खेल नीति २०२६’ का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए अपने सुझाव देने को कहा गया है। बैठक की शुरुआत उप निदेशक नोर्बू छेरिंग भूटिया के स्वागत भाषण से हुई और समापन सहायक निदेशक भानु चापागाईं के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।









