सिलीगुड़ी: गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मतिगाड़ा थाना पुलिस की एक टीम ने छापेमारी कर प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दार्जिलिंग जिले के मतिगाड़ा थाना अंतर्गत गुलमोहर अपार्टमेंट के पास स्थित निश्चिंतपुर चाय बागान क्षेत्र में यह अभियान चलाया था।
कार्रवाई के दौरान मतिगाड़ा थाना क्षेत्र के वेबेल आईटी पार्क के पास सिमुलतला निवासी २५ वर्षीय पलाश ढाली को पकड़ा गया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से १०० एमएल की २० बोतलें प्रतिबंधित फेंसिडिल कफ सिरप और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करते हुए सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।










