नई दिल्ली: भारतीय तीरंदाजों ने एशियाई खेलों में बुधवार सुबह एक के बाद एक सफलता हासिल की। भारत ने कंपाउंड तीरंदाजी की तीनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता। पुरुषों की कंपाउंड टीम स्पर्धा के फाइनल में भारत ने चीन को २३८-२३७ से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। यह भारत का तीरंदाजी में दिन का तीसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले महिला टीम और मिश्रित टीम ने भी स्वर्ण पदक जीता था।
भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम के तीनों खिलाड़ी युवा हैं। कुशल दलाल (२१), साहिल राजेश (२५) और मणि रत्नम गणेश शिरुमरु (२० वर्ष) की भारतीय टीम ने दबाव के क्षणों में धैर्य बनाए रखते हुए देश को स्वर्ण पदक दिलाया। भारतीय टीम ने चीन के खिलाफ फाइनल में जुझारू प्रदर्शन किया। तीन राउंड यानी १८ शॉट्स के बाद भारत १ अंक से पीछे था। उस समय चीन का स्कोर १७९ और भारत का १७८ था।
इसके बाद अंतिम राउंड में भारतीय टीम ने समीकरण बदल दिया। अंतिम ६ शॉट्स में चीन के एक तीरंदाज ने ८ अंक पर निशाना लगाया। इसका भारत को फायदा मिला और भारतीय टीम १ अंक की बढ़त पर पहुंच गई। अंत में भारत ने २३८ अंक जुटाए, जबकि चीन २३७ अंक पर रुक गया। इस तरह भारत ने तीरंदाजी में आज दिन का तीसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।
आज सबसे पहले चिकिथा तानिपर्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम की महिला कंपाउंड टीम ने फाइनल में चीन को पराजित करके स्वर्ण पदक जीता था। उसके बाद चिकिथा और साहिल जाधव की मिश्रित टीम ने दक्षिण कोरिया को पराजित कर भारत को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया था। अंत में भारतीय पुरुष टीम ने चीन को पराजित कर भारत के लिए ‘गोल्डन हैट्रिक’ पूरी की। बुधवार को भारत ने तीरंदाजी में ‘गोल्डन हैट्रिक’ पूरी करने में केवल ५ घंटे का समय लिया।





