नई दिल्ली: यूएफा नेशंस लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में स्पेन ने युवा फॉरवर्ड लामिन यामाल के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अपना विजय अभियान जारी रखा। वहीं इंग्लैंड ने अपनी पहली जीत दर्ज की। स्पेन ने मंगलवार को खेले गए ग्रुप सी के मैच में क्रोएशिया को ४-१ से पराजित किया। सेविल में हुए इस मैच में ६० प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली विश्व चैंपियन स्पेन ने क्रोएशिया को अधिक मौके नहीं दिए। स्पेन की ओर से लामिन यामाल ने २ गोल किए। बार्सिलोना के इस फॉरवर्ड ने मैच के दूसरे और ६३वें मिनट में गोल किया। वहीं मार्क पुबिल ने ३१वें और निको विलियम्स ने ८९वें मिनट में गोल दागा। क्रोएशिया की तरफ से डियोन ड्रेना बेलजो ने २८वें मिनट में गोल किया। इस जीत के साथ स्पेन २ मैचों में ६ अंक लेकर ग्रुप सी के शीर्ष स्थान पर कायम रहा। वहीं क्रोएशिया ३ अंकों के साथ गोल अंतर के आधार पर तीसरे स्थान पर है।
इस ग्रुप के एक अन्य मैच में इंग्लैंड ने चेकिया (चेक गणराज्य) के खिलाफ २-० से जीत हासिल की। मैच के २५वें मिनट में मिडफील्डर पावेल सुल्स को रेड कार्ड मिलने के कारण चेकिया को बाकी समय केवल १० खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। मैच में ६८ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली इंग्लैंड की तरफ से एंथोनी गॉर्डन ने ४७वें और हैरी केन ने ६९वें मिनट में गोल किया। इंग्लैंड को अपने पहले मैच में स्पेन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। चेकिया के खिलाफ जीत के साथ इंग्लैंड २ मैचों में ३ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
वहीं स्विट्जरलैंड ने ग्रुप ई के मैच में स्कॉटलैंड को ३-० से पराजित किया। स्कॉटलैंड को मैच की शुरुआत में ही झटका लगा और डिफेंडर जैक हेन्ड्रिक्स (हेन्ड्री) को ११वें मिनट में ही रेड कार्ड देखकर मैदान छोड़ना पड़ा। विपक्षी टीम के १० खिलाड़ियों तक सीमित होने के बाद स्विट्जरलैंड ने एक के बाद एक ३ गोल करके मैच जीत लिया। मैच में ७२ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली विजेता टीम की ओर से रिकार्डो रोड्रिग्ज ने १२वें, निको एल्वेडी ने ५५वें और जेकी एम्डोउनी ने ८२वें मिनट में गोल किया। लगातार दूसरी जीत के साथ स्विट्जरलैंड ६ अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।
इस ग्रुप के एक अन्य मैच में स्लोवेनिया ने नॉर्थ मेसिडोनिया के खिलाफ २-० से जीत हासिल की। विजेता टीम की ओर से सांडी लोवरिच ने ५५वें और अलजोसा मात्को ने ८२वें मिनट में गोल किया। स्लोवेनिया ४ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
ग्रुप एल में आइसलैंड ने लक्जमबर्ग को ३-० से पराजित किया। एस्टोनिया और बुल्गारिया के बीच ग्रुप का एक अन्य मैच गोलरहित ड्रॉ (०-०) पर समाप्त हुआ।





