नई दिल्ली: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जाने की योजना बना रहे भारतीय पर्यटकों के लिए अबू धाबी के संस्कृति और पर्यटन विभाग (डीसीटी) ने एक विशेष छूट की घोषणा की है। इस नई पहल के तहत भारतीय पासपोर्ट धारकों को यूएई में प्रवेश के लिए मुफ्त वीजा दिया जाएगा।
यह योजना १ अगस्त से ३१ अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए भारतीय यात्रियों को स्वीकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से अबू धाबी के किसी होटल में कम से कम लगातार तीन रातों के ठहराव और वापसी की उड़ान टिकट वाला ट्रैवल पैकेज बुक करना अनिवार्य होगा।
डीसीटी अबू धाबी में इंटरनेशनल ऑपरेशन्स के डायरेक्टर अब्दुल्ला यूसुफ ने बताया कि भारत यूएई के लिए सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में से एक है। भारतीय यात्रियों के लिए अबू धाबी की यात्रा को सुलभ और किफायती बनाने के उद्देश्य से ही वीजा शुल्क माफ करने का यह फैसला लिया गया है।









