नई दिल्ली: भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त महीने में रिलायंस जियो ने सर्वाधिक २४ लाख (२.४० मिलियन) नए वायरलेस मोबाइल ग्राहक जोड़े हैं। इसके बाद भारती एयरटेल का स्थान रहा, जिसने लगभग २१.१ लाख (२.११ मिलियन) नए उपभोक्ता अपने नेटवर्क में शामिल किए।ट्राई के डेटा के अनुसार, अगस्त के अंत में जियो के ग्राहकों की कुल संख्या ५०.६० करोड़ से बढ़कर ५०.८४ करोड़ हो गई। वहीं, एयरटेल का ग्राहक आधार ४८.९४ करोड़ से बढ़कर ४९.१६ करोड़ पर पहुंच गया।समीक्षाधीन अवधि के दौरान वोडाफोन आइडिया ने लगभग ५.०६ लाख और सरकारी क्षेत्र की बीएसएनएल ने लगभग ४.९३ लाख नए उपभोक्ता जोड़े। इस दौरान दूसरी सरकारी कंपनी एमटीएनएल के उपभोक्ताओं में लगभग ५,९०० की गिरावट दर्ज की गई।अगस्त २०२६ के अंत तक भारत में कुल वायरलेस उपभोक्ताओं की संख्या ०.४६ प्रतिशत की मासिक वृद्धि के साथ १,३१२.२५ मिलियन (१.३१ अरब से अधिक) हो गई है। शहरी क्षेत्रों में वायरलेस ग्राहकों की संख्या ७५३.८६ मिलियन से बढ़कर ७५९.११ मिलियन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ५५२.४० मिलियन से बढ़कर ५५३.१४ मिलियन दर्ज की गई।भारतीय दूरसंचार बाजार पर निजी सेवा प्रदाताओं का दबदबा बरकरार है। अगस्त के अंत तक कुल वायरलेस उपभोक्ताओं में निजी कंपनियों की हिस्सेदारी ९२.७५ प्रतिशत रही, जबकि बीएसएनएल और एमटीएनएल की संयुक्त हिस्सेदारी ७.२५ प्रतिशत रही।सक्रिय (एक्टिव) उपभोक्ताओं के मामले में भारती एयरटेल शीर्ष पर बनी हुई है। ट्राई के अनुसार, पीक विजिटर लोकेशन रजिस्टर (वीएलआर) के आंकड़ों के आधार पर एयरटेल के कुल ग्राहक आधार का ९९.०१ प्रतिशत हिस्सा सक्रिय पाया गया। वायरलाइन कनेक्शनों सहित देश में कुल टेलीफोन उपभोक्ताओं की संख्या अगस्त के अंत में १,३६०.७० मिलियन (१.३६ अरब से अधिक) तक पहुंच गई है।





