
अल अमीरात: अंडर-१९ एशिया कप में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की। भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में नेपाल को १० विकेट से करारी शिकस्त दी। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की टीम ४२.३ ओवर में महज १२८ रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने १८५ गेंद शेष रहते बिना कोई विकेट गंवाए १२९ रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया।भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने आज नेपाली गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। इस मुकाबले में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने नाबाद ७० रन बनाए। उन्होंने ५२ गेंदों का सामना करते हुए ७ चौके और ४ छक्के लगाए। वहीं, कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने ६३ गेंदों में ७ चौकों की मदद से नाबाद ५३ रन बनाए।आर्यवीर और लक्ष्य ने शुरुआत में धैर्य के साथ बल्लेबाजी की, लेकिन विकेट पर जमने के बाद दोनों ने आक्रामक अंदाज अपनाया। दोनों बल्लेबाजों ने खास तौर पर नेपाल के स्पिन गेंदबाजों को निशाना बनाया। इस तरह भारत ने महज १९.१ ओवर में मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।इससे पहले ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने १० ओवर के भीतर महज २७ रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद नेपाली टीम अपनी पारी को संभालने में नाकाम रही।नेपाल की ओर से दर्श सोनार ने सर्वाधिक ४३ रन बनाए। उन्होंने ९३ गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का लगाया। वहीं, आशीष लुहार ने २९ और नीरज कुमार यादव ने २० रनों का योगदान दिया।भारतीय गेंदबाजों में ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने ३-३ विकेट हासिल किए, जबकि यशवीर गौड़ ने २ विकेट अपने नाम किए। शानदार गेंदबाजी के लिए ईशान सूद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Kolkata:
34/3 Satyen Park, 1st Lane, Maa Sarada Apartment, Flat C-1, 2nd Floor, Thakurpukur, 700104
Ph: +91 7439487884 / +91 9038262985
Siliguri:
Hill Cart Road.
Near Hotel Shardangali, 734001
Ph: +91 9641423055/ +91 9903985974
Email – therepublicindiannews@gmail.com
Website – http://www.therepublicindian.com