मैड्रिड: मैड्रिड खुली टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचकर इटली के स्टार खिलाड़ी यानिक सिनार ने नोवाक जोकोविच, रोजर फेडरर और राफेल नडाल की ऐतिहासिक उपलब्धि की बराबरी कर ली।सेमीफाइनल में फ्रांस के आर्थर फिल्स को ६-२, ६-४ से हराकर विश्व के शीर्ष वरीय खिलाड़ी ने यह सफलता हासिल की।फाइनल में पहुंचते ही सिनार ने एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया। वह विश्व के चौथे खिलाड़ी बने, जिन्होंने नौ एटीपी मास्टर्स प्रतियोगिताओं के फाइनल में स्थान बनाया। इससे पहले यह उपलब्धि जोकोविच, फेडरर और नडाल ने हासिल की थी।केवल २४ वर्ष २५६ दिन की आयु में यह मील का पत्थर छूकर सिनार ने नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया और २०१३ में जोकोविच द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ दिया।जोकोविच ने उस समय २५ वर्ष १३९ दिन की आयु में नौ मास्टर्स प्रतियोगिताओं के फाइनल में प्रवेश किया था। इस सूची में तीसरे स्थान पर राफेल नडाल हैं, जिन्होंने २७ वर्ष ६९ दिन की आयु में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि रोजर फेडरर ने ३० वर्ष ९१ दिन की आयु में यह सफलता पाई थी।उल्लेखनीय है कि जोकोविच, नडाल और फेडरर ने एक ही वर्ष में नौ मास्टर्स फाइनल में पहुंचने का कीर्तिमान बनाया था। उनके १३ वर्ष बाद सिनार ने विश्व के चौथे खिलाड़ी के रूप में इस उपलब्धि को दोहराया।एटीपी प्रतियोगिताओं में कुल ४३८ मैच खेलकर सिनार ने यह कीर्तिमान स्थापित किया, जिससे वह विश्व के दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी बने। हालांकि नडाल का ४२९ मैचों में हासिल किया गया रिकॉर्ड अब भी कायम है।इसके साथ ही केवल ४१ मास्टर्स प्रतियोगिताओं में भाग लेकर यह उपलब्धि हासिल कर सिनार ने एक और अनोखा कीर्तिमान अपने नाम किया।










