सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत भक्तिनगर थाने की आशिघर चौकी पुलिस ने नकली व मिलावटी सीमेंट के कारोबार में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में जलपाईगुड़ी निवासी चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश रॉय (२१), रूपक मोहंता (२७), गोबिंदा मोहंता (२३) और चिरंजीत बर्मन (२६) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से अल्ट्राटेक प्रीमियम सीमेंट की १८२ बोरियां, अल्ट्राटेक व्हाइट सीमेंट की २८ बोरियां, सादा सीमेंट (सफेद पाउडर) की ११७ बोरियां, मिलावटी बंगुर मैग्ना सीमेंट की ३२ बोरियां और २५ खाली बोरियां बरामद की हैं। इसके अलावा सीमेंट मिलाने और भरने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का बेलचा और स्टील का कीप (फनल) भी जब्त किया गया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी घटिया सीमेंट में मिलावट कर उसे नामी ब्रांड्स के नकली लोगो और ट्रेडमार्क वाले बैग में दोबारा पैक करके बेचते थे। भक्तिनगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।











