नई दिल्ली: कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल २०२६) में वेस्टइंडीज के दिग्गज स्पिनर सुनील नरेन ने एक बार फिर अपनी फिरकी का जादू बिखेरा है। त्रिनबागो नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए नरेन ने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ महज ७ रन देकर ३ विकेट चटकाए और अपनी टीम को १९ रनों की शानदार जीत दिलाई।
२४ में से २१ गेंद डॉट फेंकी
टी-२० क्रिकेट में जहां बल्लेबाज चौकों-छक्कों की बरसात करते हैं, वहीं सुनील नरेन ने अपनी रहस्यमयी गेंदबाजी से विरोधी बल्लेबाजों को बेबस कर दिया। अपने ४ ओवर के स्पेल की २४ गेंदों में से उन्होंने २१ डॉट बॉल फेंकी। पूरी पारी के दौरान सेंट किट्स के बल्लेबाज नरेन की केवल ३ गेंदों पर ही रन बनाने में कामयाब हो सके, जो उनकी किफायती गेंदबाजी को दर्शाता है।
मैच का हाल
मुकाबले की बात करें तो सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित २० ओवरों में ९ विकेट खोकर १०९ रन बनाए थे। इसके जवाब में त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने १५ ओवर में २ विकेट के नुकसान पर ९४ रन बना लिए थे, तभी बारिश ने मैच में बाधा डाली। आगे का खेल संभव न होने के कारण डकवर्थ लुईस (डीएलएस) नियम के तहत त्रिनबागो को १९ रन से विजेता घोषित किया गया।
६५० विकेट के करीब नरेन
टी-२० क्रिकेट के इतिहास पर नजर डालें तो सुनील नरेन सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। वह अब तक ६०८ टी-२० मुकाबलों में ६४९ विकेट हासिल कर चुके हैं। इस फॉर्मेट में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में वह केवल अफगानिस्तान के राशिद खान (७३६ विकेट) से पीछे दूसरे स्थान पर काबिज हैं।











