सीआईआई पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद शमिक भट्टाचार्य से की मुलाकात

ec7a604c-099c-4a13-883e-67f5587fd880

राज्य के समग्र विकास और सोनार बांग्ला के निर्माण के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई

कोलकाता: भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) पश्चिम बंगाल राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं वुडलैंड्स मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. रूपक बरुआ और राज्य परिषद के उपाध्यक्ष एवं टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड के उप-प्रबंध निदेशक प्रितिश चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य से एक विशेष मुलाकात की है। इस बैठक में नव-निर्वाचित सरकार के साथ मिलकर ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण और राज्य के सर्वांगीण विकास को गति देने की सीआईआई की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया गया। दार्जिलिंग क्षेत्र और पूरे राज्य की आर्थिक उन्नति के दृष्टिकोण से इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
​इस उच्च स्तरीय चर्चा के दौरान राज्य में नए निवेश को आकर्षित करने और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इसके साथ ही व्यापार और व्यवसाय संचालन को और अधिक सरल व सुगम बनाने के लिए प्रगतिशील नीतियां तैयार करने में सरकार को सहयोग देने पर भी सहमति बनी। राज्य के युवाओं को कुशल और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सीआईआई के ‘उत्कृष्टता केंद्रों’ के माध्यम से व्यापक कौशल विकास और क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सकारात्मक बातचीत हुई है। सीआईआई के इस कदम से आने वाले समय में राज्य के औद्योगिक और सामाजिक परिदृश्य में एक बड़ा बदलाव आने की उम्मीद जताई गई है।

About Author

Advertisement