सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के रेगुलेटेड मार्केट में ट्रक से सेब चोरी करने और चालक व खलासी को हथियारों से धमकाने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
गत ७ अगस्त २०२६ को रेगुलेटेड मार्केट के एक थोक फल व्यवसायी ने प्रधान नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार ६ और ७ अगस्त की मध्य रात्रि लगभग १:३० बजे उनकी दुकान के पीछे खड़े ट्रक से तीन से चार अज्ञात बदमाशों ने सेब के कार्टन चोरी कर लिए। जब ट्रक के चालक और सह-चालक (खलासी) ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उन्हें घातक हथियारों से डराया-धमकाया।
मामले की जांच करते हुए प्रधान नगर पुलिस स्टेशन की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन रॉय (निवासी ढंकनिकटा), हर्ष पासवान (निवासी गुरुंग बस्ती) और शिवम साहनी (निवासी चम्पासारी अंचल) के रूप में हुई है।
पुलिस हिरासत के दौरान आरोपियों के कब्जे से १३ कार्टन सेब बरामद किए गए, जिनका कुल वजन २५३ किलोग्राम है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।











