राज्यमंत्री आनंदमय बर्मन ने किया उद्घाटन
सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) ने धार्मिक स्थल नादिया के मायापुर स्थित इस्कॉन मंदिर तक जाने के लिए सिलीगुड़ी से सीधी बस सेवा शुरू की है। इसके साथ ही अब उत्तर बंगाल के निवासी सिलीगुड़ी से सीधे मायापुर तक की यात्रा कर सकेंगे।

श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रविवार को सिलीगुड़ी स्थित इस्कॉन मंदिर के सामने वित्त और परिवहन राज्यमंत्री आनंदमय बर्मन ने औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर इस बस सेवा का शुभारंभ किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक सिलीगुड़ी को मायापुर से जोड़ने वाली कोई सीधी सरकारी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। नई बस सेवा शुरू होने से विशेष रूप से इस्कॉन मंदिर के दर्शन के लिए बार-बार मायापुर जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक आसान और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
सिलीगुड़ी-मायापुर सेवा के साथ-साथ एनबीएसटीसी बालुरघाट और मायापुर के बीच भी नियमित बस सेवा संचालित करेगा।
उद्घाटन समारोह में बोलते हुए राज्यमंत्री आनंदमय बर्मन ने कहा कि सिलीगुड़ी से मायापुर तक सीधी बस सेवा की मांग लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्कॉन मंदिर के दर्शन के लिए मायापुर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।





