चाय उद्योग के हितधारकों के साथ करेंगे चर्चा
सिलीगुड़ी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज दार्जिलिंग पहाड़ी और तराई क्षेत्र के दौरे के क्रम में बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचे। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री गोयल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सांसद बिष्ट ने मंत्री गोयल के इस दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि इस क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक चाय उद्योग की वर्तमान चुनौतियों, सरोकारों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए मंत्री चाय क्षेत्र के हितधारकों के साथ एक विशेष बैठक करेंगे।
इसके साथ ही, केंद्रीय मंत्री गोयल कर्सियांग (खरसांग) में आयोजित ‘टी-स्टा महोत्सव’ में भी शामिल होंगे। दार्जिलिंग चाय की समृद्ध विरासत, यहां की जीवंत संस्कृति और क्षेत्र की अपार संभावनाओं को उजागर करने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया गया है। सांसद बिष्ट ने क्षेत्र के दौरे के लिए मंत्री गोयल का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनका यह दौरा फलदायी और सार्थक रहेगा।





