सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के राज्य अतिथि गृह में शनिवार को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने बैठक की। इस बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, जिला अधिकारी, उपविभागीय अधिकारी तथा कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं की प्रगति तथा विभागों के बीच समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद सांसद राजू बिष्ट ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नदियों से अवैध बालू खनन, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, नर्सिंग होम में अनियमितताओं तथा शिक्षा सहित विभिन्न जनसेवा क्षेत्रों में खामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जिले में दलालों का नेटवर्क, सिंडिकेट और गिरोह से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी हाल में चलने नहीं दिया जाएगा। सभी विभागों को पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।










