सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा छात्रों को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाने के उद्देश्य से ‘बिड़ला दिव्य ज्योति स्कूल’ में एक दिवसीय सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) पूर्णिमा शेरपा एवं अन्य पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों, साइबर अपराध तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रति विस्तार से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ‘सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता’ में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके बाद विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट इस प्रकार की पहलों के माध्यम से युवा पीढ़ी को नशा-मुक्त, साइबर-सुरक्षित और सड़क-सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है।










