१० शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गंगटोक: सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने मंगलवार को दक्षिण सिक्किम के नामची जिले के समरदुंग क्षेत्र में तीस्ता स्टेज-६ जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए दर्दनाक हादसे का ‘ग्राउंड जीरो’ पर जाकर निरीक्षण किया। राज्यपाल ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी उपस्थित रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-६ परियोजना की टनल में सोमवार को संदिग्ध मीथेन गैस के अचानक फटने से यह हादसा हुआ। गैस विस्फोट के कारण सुरंग के भीतर घना धुआं और जहरीली गैसें भर गईं।
जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, टनल से अब तक १० शव बरामद किए जा चुके हैं। कई अन्य श्रमिकों और अधिकारियों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका है। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिक्किम पुलिस, आईआरबी और स्थानीय आपातकालीन एजेंसियां लगातार प्रयासरत हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्यपाल माथुर ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों को तेजी से राहत कार्य चलाने और घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। राज्यपाल ने मृतकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह समय एकजुट होकर प्रभावित परिवारों को संबल देने का है। उन्होंने अंदर फंसे लोगों के सुरक्षित बाहर आने तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।









