सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की २४ घंटे चालू रहने वाली टूरिस्ट हेल्पलाइन सेवा ने होटल बुकिंग में धोखाधड़ी का शिकार हुए कोलकाता के एक पर्यटक को उसके ९९७ रुपये वापस दिलाने में बड़ी सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता निवासी प्रीतम जोरादार ने ऑनलाइन माध्यम से सिलीगुड़ी का एक होटल बुक किया था और अग्रिम राशि का भुगतान भी कर दिया था। हालांकि, जब वह सिलीगुड़ी पहुंचे तो होटल प्रबंधन ने उन्हें कमरा देने से मना कर दिया और पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल सिलीगुड़ी पुलिस की टूरिस्ट हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी स्वपन रॉय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने होटल अधिकारियों से संपर्क किया और मात्र २ घंटे के भीतर पर्यटक को उसके पूरे ९९७ रुपये वापस दिलवा दिए। पुलिस आयुक्त सैयद वकार रज़ा की पहल पर शुरू की गई यह हेल्पलाइन सेवा उत्तर बंगाल आने वाले पर्यटकों के लिए एक मजबूत सुरक्षा तंत्र के रूप में उभर रही है।











