सिलीगुड़ी जंक्शन से आठ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

Screenshot_20260608_232421_Chrome

अवैध रूप से भारत में थे सक्रिय, हल्दीबाड़ी के रास्ते बांग्लादेश भागने की फिराक में थे

सिलीगुड़ी: राज्य में घुसपैठ को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बीच, सिलगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन से आठ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
​यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बीते रविवार की रात एक गुप्त सूचना के आधार पर की।
​रेल पुलिस के अनुसार, ये सभी बांग्लादेशी नागरिक राधिकापुर एक्सप्रेस के जरिए सिलीगुड़ी जंक्शन पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये लोग पिछले काफी समय से भारत के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर दिल्ली में मजदूर के रूप में काम कर रहे थे। वहां से लौटकर बांग्लादेश जाने के लिए वे सिलीगुड़ी में उतरे थे।
​पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सिलगुड़ी से हल्दीबाड़ी के रास्ते सीमा पार कर बांग्लादेश जाने की योजना बना रहे थे। हालांकि, जांच के दौरान वे कोई भी वैध दस्तावेज, पासपोर्ट या वीजा पेश नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
​एसआरपी कुंवर भूषण सिंह ने सोमवार को बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने स्टेशन पर तलाशी अभियान चलाया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे काम की तलाश में भारत आए थे और अब अपने देश लौटने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उन्होंने किस रास्ते से भारत में प्रवेश किया था और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है?
​पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आठ लोगों में से चार बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले के और चार नीलफामारी जिले के रहने वाले हैं। सभी के खिलाफ फॉरेनर्स एक्ट (विदेशी अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सोमवार को उन्हें सिलीगुड़ी उप-मंडल अदालत में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस उन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।

About Author

Advertisement