परिजनों ने की मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग
रांची: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन पनबिजली परियोजना की सुरंग में हुए भीषण हादसे में झारखंड के ४ मजदूरों की मौत हो गई है।
एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-६ जलविद्युत परियोजना के ‘हेड रेस टनल’ में खुदाई के दौरान मीथेन गैस रिसाव के बाद हुए विस्फोट से सुरंग का एक हिस्सा ढह गया था। हादसे में अब तक कुल २२ लोगों की जान जा चुकी है।
मृतकों की पहचान खूंटी जिले के कृष्णा साहू (२२) और बडरू विकास कंडुलना (२५), हजारीबाग के जगेश्वर ठाकुर (४६) तथा पश्चिमी सिंहभूम के मसीह बरजो (२७) के रूप में हुई है। रोजी-रोटी की तलाश में गए इन मजदूरों की मौत से उनके पैतृक गांवों में मातम पसरा हुआ है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का अनुरोध किया है। राज्य सरकार के खर्च पर शवों को हवाई और सड़क मार्ग से झारखंड लाने की तैयारी की जा रही है।
मृतकों के परिजनों के लिए एनएचपीसी की ओर से ५ लाख रुपये, सिक्किम सरकार की ओर से ४ लाख रुपये और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से २ लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।










