गंगटोक: सिक्किम की राजधानी गंगटोक स्थित रिज पार्क में आयोजित ‘गुरु रिन्पोछे थुन्कर त्शेचु’ (गुरु पद्मसंभव जयंती) के पावन समारोह में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर राज्यपाल ने वहां उपस्थित विशिष्ट अतिथियों, बौद्ध अनुयायियों, लामाओं और श्रद्धालुओं के साथ मिलकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की।
उत्सव की शुरुआत देवराली स्थित दोड्रुल छोर्तेन से हुई, जहां से गुरु रिन्पोछे की भव्य झांकी निकाली गई। यह झांकी मुख्य मार्ग से होते हुए रिज पार्क पहुंची, जहां मुख्य समारोह का आयोजन किया गया।
इस आध्यात्मिक समारोह में धर्म विभाग के मंत्री सोनाम लामा, गंगटोक क्षेत्र के विधायक डीले नामग्याल बरफूंगपा, स्यारी निर्वाचन क्षेत्र के विधायक तेनजिंग लामथा और मुख्यमंत्री के सलाहकार कुंगा नीमा विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।










